15 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:प्रधानमंत्री द्वारा एक वर्ष तक सोना नहीं खरीदने की अपील पर छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने कहा है कि सराफा कारोबारियों को घबराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने इसे देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक सकारात्मक पहल बताया।
कमल सोनी के अनुसार, लंबे समय से वैश्विक परिस्थितियों और बाजार में अस्थिरता के कारण सोने की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हुई है। इससे आम ग्राहकों के साथ-साथ छोटे और मध्यम सराफा व्यापारियों पर भी असर पड़ा है। उनका मानना है कि यदि लोग कुछ समय तक निवेश का रुख अन्य क्षेत्रों की ओर मोड़ते हैं, तो बाजार में पूंजी का प्रवाह बढ़ेगा और रोजगार के अवसर भी मजबूत होंगे।

उन्होंने कहा कि देश में बड़ी मात्रा में सोना तिजोरियों में बंद पड़ा रहता है, जिससे अर्थव्यवस्था को प्रत्यक्ष लाभ नहीं मिल पाता। यदि यही धन व्यापार, उद्योग और सेवा क्षेत्र में निवेश होगा, तो इसका फायदा पूरे देश को मिलेगा। उन्होंने सराफा बाजार को केवल पारंपरिक खरीद-बिक्री तक सीमित न रखकर “सर्विस सेक्टर” के रूप में विकसित करने की जरूरत बताई।
कमल सोनी ने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ में स्वर्ण शिल्प कला बोर्ड के गठन की मांग लंबे समय से की जा रही है। इससे पारंपरिक आभूषण निर्माण कला से जुड़े कारीगरों और छोटे व्यापारियों को संरक्षण और रोजगार मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में सरकार इस दिशा में ठोस कदम उठाएगी।
प्रदेश सराफा एसोसिएशन ने लोगों से अपील की है कि वे निवेश और व्यापार से जुड़े फैसले सोच-समझकर लें तथा अफवाहों और भ्रामक प्रचार से बचें।
