
15 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर प्रेस क्लब ने शहर में बढ़ती पेट्रोल-डीजल की किल्लत और पेट्रोल पंपों पर लग रही लंबी कतारों को देखते हुए मीडिया कर्मियों के लिए विशेष व्यवस्था किए जाने की मांग उठाई है। प्रेस क्लब के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को अध्यक्ष अजित मिश्रा के नेतृत्व में एसडीएम मनीष साहू को ज्ञापन सौंपकर पत्रकारों को प्राथमिकता के आधार पर ईंधन उपलब्ध कराने की मांग की।

ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान में ईरान और इजरायल के बीच जारी युद्ध के चलते वैश्विक ऊर्जा संकट की स्थिति बन रही है। इसके कारण भविष्य में ईंधन की कमी की आशंका के चलते शहर के पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ उमड़ रही है और लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।

प्रेस क्लब ने कहा कि इस स्थिति का सबसे ज्यादा असर पत्रकारों पर पड़ रहा है। समाचार संकलन और ग्राउंड कवरेज के लिए पत्रकारों को लगातार शहर के विभिन्न हिस्सों में जाना पड़ता है, लेकिन पेट्रोल पंपों में लंबी कतारों के कारण उन्हें समय पर ईंधन नहीं मिल पा रहा। इससे महत्वपूर्ण घटनाओं और खबरों की कवरेज प्रभावित हो रही है।
प्रतिनिधिमंडल में उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी, सहसचिव हरिकिशन गंगवानी, कार्यकारिणी सदस्य कैलाश यादव, पूर्व अध्यक्ष वैद्य तिलकराज सलूजा, वीरेंद्र गहवई, वरिष्ठ पत्रकार गणेश विश्वकर्मा, दिलीप अग्रवाल और जफर आगा सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे।
प्रेस क्लब ने प्रशासन से मांग की है कि शहर के चुनिंदा पेट्रोल पंपों पर पत्रकारों के लिए अलग लाइन की व्यवस्था की जाए अथवा प्रेस कार्ड के आधार पर मीडिया कर्मियों को प्राथमिकता से तत्काल पेट्रोल-डीजल उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे बिना बाधा अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।
