
15 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/थाना सरकंडा
बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकी मोपका पुलिस ने निर्माणाधीन मकान में चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस ने चोरी किए गए सामान के साथ वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी शिवकुमार पांडे, निवासी श्याम विहार चिल्हाटी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 10 मई 2026 की दरमियानी रात अज्ञात चोर ने उनके निर्माणाधीन मकान का ताला तोड़कर टी-टेबल, स्विंग चेयर, कॉर्नर टेबल, दरवाजे, लोहे की सीढ़ी एवं GI पाइप समेत करीब 30 हजार रुपये का सामान चोरी कर लिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस ने जांच शुरू की। विवेचना के दौरान मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने चिल्हाटी टंकी पारा निवासी आरोपी चक्कू उर्फ धर्मजीत रात्रे (26 वर्ष) के घर दबिश दी। पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4 नग GI पाइप एवं एक नीले रंग की पैशन प्रो मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 Y 0157, कुल कीमत लगभग 15 हजार रुपये जब्त की है।
आरोपी चक्कू उर्फ धर्मजीत रात्रे को 14 मई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
