
15 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/सकरी
बिलासपुर:सकरी थाना पुलिस ने बीट सिस्टम की मदद से फर्जी पुलिस बनकर ट्रक चालक से लूटपाट करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर ट्रक चालक को झूठे केस में जेल भेजने की धमकी दी और ट्रक से तंबाखू की बोरियां लूट लीं। साथ ही चालक को छोड़ने के नाम पर 8 हजार रुपये भी वसूल लिए।
पुलिस के मुताबिक प्रार्थी सुरेंद्र जायसवाल निवासी उमरिया (मध्यप्रदेश) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह ट्रक क्रमांक CG 04 MP 4666 में 210 बोरी गेहूं और 25 बोरी तंबाखू लेकर शहडोल से बिलासपुर आ रहा था। रास्ते में हांफा के पास हाईवे किनारे ट्रक खराब हो गया, जहां कुछ युवक कार से पहुंचे और खुद को पुलिस बताते हुए ट्रक की तलाशी लेने लगे।

आरोपियों ने चालक को जबरन अपनी कार में बैठा लिया और झूठे केस में फंसाने की धमकी देते हुए ट्रक से 9 बोरी तंबाखू उतार ली। इसके बाद ट्रक मालिक से फोन पर संपर्क कर चालक को छोड़ने के एवज में चॉइस सेंटर के माध्यम से 8 हजार रुपये भी निकलवा लिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देश पर सकरी थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चौधरी के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्रवाई की गई। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 9 बोरी तंबाखू तथा घटना में प्रयुक्त ब्रेजा कार जब्त कर ली है।
गिरफ्तार आरोपियों में सिद्धार्थ साहू निवासी छतौना, नारायण साहू निवासी सिरगिट्टी, इस्माईल खान एवं आनंद साहू उर्फ विक्रांत साहू निवासी मुंडा थाना कोटा शामिल हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
