
14 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/थाना सिटी कोतवाली
बिलासपुर। शहर के शनचिरी हैप्पी स्ट्रीट क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर धारदार तलवार लहराकर लोगों में दहशत फैलाने वाले युवक को सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक नग धारदार तलवार भी जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार 14 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक तलवार लहराकर राहगीरों को डरा-धमका रहा है, जिससे इलाके में भय का माहौल बना हुआ है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार को अवगत कराया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी सन्नी श्रीवास (19 वर्ष), निवासी लिंगियाडी पीपरपारा थाना सरकण्डा, को मौके से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से धारदार तलवार बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

