14 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़/खरसिया
रायगढ़। खरसिया से चोरी हुई वेन्यू कार को बरामद करने में खरसिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतरराज्यीय कार्रवाई करते हुए दिल्ली से चोरी की गई कार बरामद कर एक शातिर कार मैकेनिक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पहले से डुप्लीकेट चाबी तैयार कर योजनाबद्ध तरीके से कार चोरी की थी और नंबर प्लेट बदलकर दिल्ली में चला रहा था। वह कार को डेंट-पेंट कर दूसरे राज्य में बेचने की तैयारी में था, लेकिन रायगढ़ पुलिस की तकनीकी जांच और लगातार निगरानी ने उसके मंसूबों पर पानी फेर दिया।

मामला 6 मई 2026 का है, जब खरसिया निवासी संदीप कुमार ने अपनी वेन्यू कार क्रमांक CG 04 MT 7666 घर के सामने से चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर वाहन एक होटल तक जाते दिखाई दिया। होटल में जमा दस्तावेजों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस आरोपी मोहम्मद आमिर तक पहुंची, जिसकी लोकेशन दिल्ली में मिली।
जांच में पता चला कि कार का एक्सीडेंट होने के बाद नवंबर 2025 में उसकी मरम्मत दिल्ली में कराई गई थी। उसी दौरान आरोपी मैकेनिक ने कार की डुप्लीकेट चाबी तैयार कर ली थी। इसके बाद आरोपी योजनाबद्ध तरीके से खरसिया पहुंचा और कार चोरी कर दिल्ली ले गया।
प्रधान आरक्षक शिव कुमार वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम दिल्ली रवाना हुई और तीन दिन की लगातार तलाश के बाद आरोपी मोहम्मद आमिर को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर दिल्ली के एमसीडी पार्किंग क्षेत्र से चोरी गई वेन्यू कार बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी मोहम्मद आमिर पिता मुस्ताक हुसैन, उम्र 39 वर्ष, निवासी शाहदरा दिल्ली/हाल मुकाम लोनी गाजियाबाद के कब्जे से करीब 6 लाख रुपये कीमत की वेन्यू कार जब्त की है। आरोपी के खिलाफ वाहन चोरी के साथ धोखाधड़ी की धारा भी जोड़ी गई है। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया।
