13 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/थाना तोरवा
बिलासपुर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना तोरवा पुलिस ने अंतरराज्यीय हेरोइन तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पंजाब और छत्तीसगढ़ के कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 97.63 ग्राम प्रतिबंधित हेरोइन, कार, स्कूटी, मोबाइल फोन और नगदी सहित लगभग 5 लाख 38 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध नशे के कारोबार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि तोरवा क्षेत्र स्थित रेलवे स्टेशन के पास एक अल्टो कार में कुछ लोग हेरोइन बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं।

सूचना मिलते ही निरीक्षक नीलेश पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर अल्टो कार क्रमांक CG 22 AB 5247 की जांच की। कार में सवार पांचों युवक पुलिस को संदिग्ध लगे और पूछताछ में गोलमोल जवाब देने लगे। तलाशी लेने पर बैग के अंदर एक बोतल में भारी मात्रा में प्रतिबंधित हेरोइन बरामद हुई।

पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम जितेंद्र सिंह रंधावा और जगदीप सिंह निवासी अमृतसर पंजाब बताया, जो छत्तीसगढ़ में हेरोइन सप्लाई करने पहुंचे थे। वहीं मुंगेली निवासी शेख अल्ताफ उर्फ लल्ला, अमित कुमार डाहिरे और अवि पाठक को खरीदार के रूप में पकड़ा गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 97.63 ग्राम हेरोइन, घटना में प्रयुक्त अल्टो कार, स्कूटी, पांच एंड्रॉयड मोबाइल और 57 हजार 800 रुपये नगद जब्त किया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21बी, 22बी और 29 के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक कमलनारायण शर्मा, सहायक उपनिरीक्षक देवेंद्र तिवारी, प्रधान आरक्षक बलबीर सिंह सहित थाना तोरवा की टीम की भूमिका सराहनीय रही।
