13 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़
रायगढ़:छत्तीसगढ़ में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी और हवाला नेटवर्क पर रायगढ़ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों के संगठित आर्थिक अपराध का पर्दाफाश किया है। आईपीएल सट्टे से कमाई गई काली कमाई को हवाला के जरिए सफेद करने वाले गिरोह पर पुलिस ने शिकंजा कसते हुए 1 करोड़ 2 लाख 81 हजार 300 रुपये नकद, नोट गिनने की मशीन, मोबाइल फोन और अन्य वित्तीय साक्ष्य जब्त किए हैं।

रायगढ़ पुलिस की साइबर सेल, कोतवाली और घरघोड़ा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में सट्टा नेटवर्क के मास्टरमाइंड करन चौधरी उर्फ करन अग्रवाल समेत पुष्कर अग्रवाल और सुनील अग्रवाल को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि यह गिरोह रायगढ़ से लेकर रायपुर, बिलासपुर, सक्ती और दिल्ली तक ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे का बड़ा नेटवर्क चला रहा था।

जांच में सामने आया कि सट्टे से आने वाली करोड़ों की रकम सीधे बैंक खातों में न रखकर पेट्रोल पंप, मेडिकल स्टोर और अन्य कारोबारियों के माध्यम से कैश डंप की जाती थी, जिसे बाद में हवाला चैनलों से ट्रांसफर कर ब्लैक मनी को व्हाइट किया जाता था।
पुलिस ने कृष्ण प्राइड टावर स्थित फ्लैट में दबिश देकर भारी मात्रा में नगदी बरामद की। मौके से नोट गिनने की मशीन और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। डिजिटल चैट, यूपीआई ट्रांजेक्शन, कॉल डिटेल और फाइनेंशियल रिकॉर्ड की जांच में संगठित आर्थिक अपराध के कई बड़े सबूत मिले हैं।

करन चौधरी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया
पुलिस के अनुसार आरोपी करन चौधरी के खिलाफ पहले से जुआ-सट्टा, रंगदारी, मारपीट, अपहरण और आत्महत्या के लिए उकसाने जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। लगातार अपराध में शामिल रहने के कारण आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 111 (संगठित अपराध) भी जोड़ी गई है।
फरार गुड्डा सरदार की तलाश तेज:पुलिस ने बताया कि फरार आरोपी जसमीत सिंह बग्गा उर्फ गुड्डा सरदार इस पूरे सिंडिकेट की अहम कड़ी है, जिसकी तलाश में कई टीमें जुटी हुई हैं।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश:“जिले में सट्टा, हवाला, ब्लैक मनी और संगठित अपराध से जुड़े किसी भी नेटवर्क को बख्शा नहीं जाएगा। आर्थिक अपराधियों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।”
जब्त सामग्री
₹1,02,81,300 नकद
नोट गिनने की मशीन
4 मोबाइल फोन
अन्य वित्तीय दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य
गिरफ्तार आरोपी
करन चौधरी उर्फ करन अग्रवाल
पुष्कर अग्रवाल
सुनील कुमार अग्रवाल
