13 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। शहर में एक सिरफिरे चाकूबाज ने दहशत फैला दी है। लगातार तीन दिनों में तीन चाकूबाजी की घटनाओं ने पुलिस और आम लोगों की नींद उड़ा दी। ताजा मामला सिरगिट्टी थाना क्षेत्र का है, जहां शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर आरोपी ने एक मजदूर पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने युवक के कुल्हे में चाकू घोंप दिया और मौके से फरार हो गया।

जानकारी के मुताबिक बापूनगर मरहीमाता मंदिर के पास रहने वाला अमन चौहान (28) मजदूरी का काम करता है।
मंगलवार रात करीब 10 बजे नयापारा सिरगिट्टी निवासी प्रियांशु बक्सेल उसके मोहल्ले पहुंचा। बातचीत के दौरान आरोपी ने शराब पीने के लिए पैसे मांगे। अमन द्वारा पैसे देने से मना करने पर आरोपी आगबबूला हो गया और गाली-गलौच करते हुए चाकू निकाल लिया। देखते ही देखते उसने अमन के दाहिने कुल्हे पर जोरदार वार कर दिया।

वार इतना खतरनाक था कि चाकू शरीर में फंस गया।
हैरानी की बात यह रही कि घायल अमन ने खुद अपने शरीर से चाकू निकाला और खून से लथपथ हालत में थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल चाकू जब्त कर लिया है।

सूत्रों के अनुसार आरोपी प्रियांशु बक्सेल लगातार चाकूबाजी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। बताया जा रहा है कि एक दिन पहले उसने तारबहार थाना क्षेत्र में भी एक युवक पर हमला किया था, जबकि उससे पहले सिरगिट्टी इलाके में एक अन्य व्यक्ति को चाकू मारकर घायल कर चुका था।
लगातार तीन दिनों में तीन हमलों से शहर में दहशत का माहौल बन गया था।

आरोपी को पकड़ना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया था, क्योंकि वह लगातार अपना मोबाइल लोकेशन और ठिकाना बदल रहा था। आखिरकार बिलासपुर पुलिस की 20 सदस्यीय टीम ने देर रात तक छापेमारी और घेराबंदी कर रेलवे क्षेत्र के सुनसान इलाके से आरोपी प्रियांशु बक्सेल को दबोच लिया।
बताया जा रहा है कि पुलिस को देखकर आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन भागते समय वाहन से गिरकर खुद घायल हो गया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं।
