13 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। कलेक्टर संजय अग्रवाल की अध्यक्षता में जिला खनिज संस्थान न्यास (DMF) की शासी परिषद की बैठक मंथन सभाकक्ष में आयोजित हुई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 150 करोड़ रुपये की वार्षिक कार्य-योजना का सर्वसम्मति से अनुमोदन किया गया।

बैठक में विधायक सर्वश्री धरमलाल कौशिक, धर्मजीत सिंह, सुशांत शुक्ला,दिलीप लहरिया,अटल श्रीवास्तव, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, एसडीएम आकांक्षा त्रिपाठी सहित शासी परिषद के सदस्य एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में जिले के विकास से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा कर स्वीकृति दी गई। योजना के तहत पेयजल कार्यों के लिए 5.60 करोड़ रुपये, स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 16 करोड़ रुपये और शिक्षा क्षेत्र के लिए 31.64 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। शिक्षा मद में महाविद्यालयों एवं स्कूलों में शेड, अतिरिक्त कक्ष और शिक्षा केंद्रों के निर्माण कार्य शामिल हैं।

महिला एवं बाल विकास के लिए 6 करोड़ रुपये, पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण के लिए 11 करोड़ रुपये, वृद्ध एवं दिव्यांगजन कल्याण के लिए 10.35 करोड़ रुपये तथा कौशल विकास के लिए 8 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इसके अलावा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में सियान सदन निर्माण, दुर्घटनाग्रस्त लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने के लिए पुलिस विभाग को तीन एम्बुलेंस, गोल बाजार से नेहरू चौक और कोर्ट परिसर तक अंडरग्राउंड बिजली व्यवस्था, मल्हार मंदिर परिसर में शेड निर्माण, पुलिस ग्राउंड मंच का कायाकल्प, मंगला, तिफरा, उस्लापुर और बहतराई में मुक्तिधाम निर्माण, मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र और ट्रैफिक नियंत्रण हेतु हाइड्रा वाहन जैसे प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई।
