12 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर, 12 मई 2026। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश माननीय न्यायमूर्ति श्री रमेश सिन्हा ने मंगलवार को बिलासपुर जिले के मरवाही तहसील में नवीन सिविल कोर्ट भवन तथा पेंड्रा रोड में न्यायिक कर्मचारियों के लिए आवासीय परिसर निर्माण कार्य का वर्चुअल माध्यम से भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर जिला एवं न्यायिक प्रशासन के अधिकारी, न्यायिक कर्मचारी तथा अधिवक्तागण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य न्यायाधीश श्री सिन्हा ने कहा कि राज्य के जिला एवं बाह्य न्यायालयों को आधुनिक और सुविधायुक्त अधोसंरचना उपलब्ध कराना उच्च न्यायालय की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि बेहतर न्यायिक भवन और आधुनिक सुविधाओं से न्यायिक कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी बनेगी तथा पक्षकारों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण न्याय मिल सकेगा।
मरवाही में बनने वाले नए सिविल न्यायालय भवन में दो कोर्ट रूम, वीसी रूम, कॉन्फ्रेंस हॉल, लाइब्रेरी सहित आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही महिला कर्मचारियों के लिए विशेष रूप से ‘चाइल्ड केयर रूम’ की भी व्यवस्था की जाएगी। वहीं पेंड्रा रोड में न्यायिक कर्मचारियों के लिए 26 नए आवासों का निर्माण किया जाएगा, जिससे कर्मचारियों को सुरक्षित और बेहतर आवासीय वातावरण मिल सकेगा।
मुख्य न्यायाधीश ने लोक निर्माण विभाग और जिला प्रशासन के अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए तथा निर्माण सामग्री और मानकों में किसी प्रकार का समझौता न किया जाए।
उन्होंने कहा कि न्यायिक अधोसंरचना के निरंतर विकास से न्यायिक प्रणाली और अधिक मजबूत होगी तथा दूरस्थ क्षेत्रों में भी लोगों को बेहतर न्यायिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। कार्यक्रम की शुरुआत प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, बिलासपुर के स्वागत भाषण से हुई, जबकि समापन मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट पेंड्रा रोड के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल, रजिस्ट्री अधिकारी, जिला न्यायालय बिलासपुर, पेंड्रा रोड एवं मरवाही न्यायालय के न्यायिक अधिकारी-कर्मचारी, अधिवक्तागण तथा प्रशासनिक अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।
