12 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़/लैलूंगा विशेष..
रायगढ़ पुलिस ने अपहरण के सनसनीखेज मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए महज 24 घंटे के भीतर अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर झारखंड से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अपहरण में इस्तेमाल दो स्कॉर्पियो वाहनों को भी जब्त कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, थाना लैलूंगा क्षेत्र के मुड़ागांव रामनाथपुर निवासी शिवप्रसाद बंजारा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका 26 वर्षीय पुत्र रवि नारायण बंजारा का झारखंड से आए तीन युवकों ने घर में घुसकर अपहरण कर लिया। आरोपियों ने 12 लाख रुपए के लेन-देन का हवाला देते हुए युवक के साथ मारपीट की और उसे जबरन दो स्कॉर्पियो वाहनों में बैठाकर अपने साथ ले गए।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देश पर लैलूंगा पुलिस ने तत्काल विशेष टीम गठित कर झारखंड के रांची में दबिश दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत युवक रवि बंजारा को आरोपियों के कब्जे से सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस ने मामले में आरोपी पवन साहू, विष्णु साहू और नरेंद्र साहू को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। प्रारंभिक जांच में अपहरण के पीछे व्यापारिक लेन-देन का विवाद सामने आया है।

पुलिस ने अपहरण में प्रयुक्त वाहन क्रमांक CG 14 MU 1197 एवं JH 01 DV 6413 स्कॉर्पियो वाहनों को जप्त कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ थाना लैलूंगा में अपराध क्रमांक 156/2026 के तहत धारा 140(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव, उप निरीक्षक चन्द्र कुमार सिंगार, प्रधान आरक्षक एडमोन खेस, आरक्षक संतराम केंवट, राजू तिग्गा और गोविंद बनर्जी की अहम भूमिका रही।
