12 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
संजय अग्रवाल ने मंगलवार को जिला कार्यालय के मंथन सभा कक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में जिलेभर से पहुंचे लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। जनदर्शन में बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों और नागरिकों ने अवैध कब्जा, सीमांकन, पेंशन, महतारी वंदन योजना, भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना और वेतन भुगतान से जुड़ी शिकायतें रखीं। कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे और जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल भी मौजूद रहे।

जनदर्शन में मस्तुरी विकासखंड के बेलपान गांव के ग्रामीणों ने कालिन्दी इस्पात कंपनी पर भूजल के अत्यधिक दोहन का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने बताया कि कंपनी द्वारा औद्योगिक कार्यों के लिए बोरवेल और पाइपलाइन के माध्यम से लगातार भूजल निकाला जा रहा है, जिससे गांव में जल संकट गहरा गया है। ग्रामीणों ने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की।
वहीं ग्राम पोड़ी के किसानों ने बांधा जलाशय चौड़ीकरण कार्य के लिए अधिग्रहित भूमि का मुआवजा डेढ़ दशक बाद भी नहीं मिलने की शिकायत की। करीब 40 किसानों ने बताया कि उन्हें अब तक भुगतान नहीं मिला है। इस पर कलेक्टर ने भू-अभिलेख शाखा को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

जरहाभाठा निवासी अमीना बेगम ने जनदर्शन में बताया कि नगर निगम द्वारा उन्हें मृत घोषित कर उनकी निराश्रित पेंशन बंद कर दी गई है, जबकि वे जीवित हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने समाज कल्याण विभाग को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसी तरह जिले की विभिन्न शराब दुकानों में कार्यरत लगभग 150 सुरक्षा गार्डों ने पिछले दो माह से वेतन नहीं मिलने की शिकायत दर्ज कराई। गार्डों ने बताया कि अतिरिक्त ड्यूटी कराने के बावजूद उन्हें ओवरटाइम और नियमित भुगतान नहीं मिल रहा है। इस पर आबकारी विभाग को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
ग्राम लमेर के युवा किसान भाग्योदय ने कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक अपनाने की इच्छा जताते हुए ड्रोन पायलट प्रशिक्षण और ड्रोन खरीदी में सब्सिडी की मांग की, ताकि गांव में स्वरोजगार शुरू किया जा सके। वहीं ग्राम पंचायत पाली (नवाडीह) के ग्रामीणों ने मोहल्ले के बीच लगाए गए छह बिजली खंभों का विरोध करते हुए हादसे की आशंका जताई। कलेक्टर ने मामले को टीएल पंजी में दर्ज कर बिजली विभाग से जवाब तलब किया है।
ग्राम खैरखुड़ी से पहुंचीं संयोगिता भारद्वाज ने विधवा पेंशन और महतारी वंदन योजना का लाभ बंद होने से आर्थिक संकट की बात कही। वहीं गढ़वट निवासी एवसराम कश्यप ने मोटराइज्ड ट्रायसायकल उपलब्ध कराने की मांग रखी।
कलेक्टर ने सभी आवेदनों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
