12 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़
रायगढ़ पुलिस ने महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर सख्त कार्रवाई करते हुए दुष्कर्म के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। थाना कापू क्षेत्र में परिचित रिश्तेदार द्वारा महिला के साथ दुष्कर्म किए जाने की घटना सामने आने के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने 10 मई 2026 को थाना कापू पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि 23 दिसंबर 2025 की शाम वह अपने पति और बच्चों के साथ घर पर मौजूद थी। इसी दौरान परिचित रिश्तेदार सुधीर किस्पोट्टा उनके घर पहुंचा और महिला के पति को पैसे देकर दूसरे गांव शराब लाने भेज दिया। पति के घर से निकलते ही आरोपी ने महिला को अकेला पाकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया तथा किसी को घटना बताने पर धमकी देकर फरार हो गया।
लोकलाज और भय के कारण महिला लंबे समय तक शिकायत दर्ज नहीं करा सकी, लेकिन बाद में साहस जुटाकर पुलिस के पास पहुंची। महिला की शिकायत पर थाना कापू में आरोपी सुधीर किस्पोट्टा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2)(f) के तहत अपराध दर्ज किया गया।
मामला दर्ज होते ही कापू पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी की पतासाजी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी सुधीर किस्पोट्टा (54 वर्ष) निवासी पखनाकोट, थाना कापू, जिला रायगढ़ का है।
आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी उप निरीक्षक इगेश्वर यादव, प्रधान आरक्षक सुमेश गोस्वामी एवं थाना स्टाफ की अहम भूमिका रही।
