12 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
रायगढ़, 12 मई 2026। जिले में ऑनलाइन जुआ और क्रिकेट सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
थाना पूंजीपथरा और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने ग्राम गेरवानी में दबिश देकर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करते दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 18,400 रुपये नगद और 4 मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जबकि एक खाईवाल मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिलेभर में अवैध जुआ-सट्टा के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम गेरवानी स्थित एक बर्तन दुकान में मोबाइल फोन और डिजिटल भुगतान माध्यमों से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पूंजीपथरा पुलिस और साइबर थाना की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी श्याम कुमार अग्रवाल और सुरेश अग्रवाल को मोबाइल फोन के जरिए हार-जीत पर आधारित ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करते पकड़ा। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने श्याम कुमार अग्रवाल के पास से तीन मोबाइल और 17 हजार रुपये नगद तथा सुरेश अग्रवाल के कब्जे से एक मोबाइल और 1400 रुपये बरामद किए।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे मोबाइल फोन और बारकोड पेमेंट सिस्टम के जरिए सट्टे का संचालन करते थे और सट्टे की रकम ग्राम गेरवानी निवासी खाईवाल रामफल अग्रवाल तक पहुंचाई जाती थी। पुलिस दबिश के दौरान रामफल अग्रवाल मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
थाना पूंजीपथरा में आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 4 और 7 के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपी:श्याम कुमार अग्रवाल, उम्र 43 वर्ष, निवासी ग्राम गेरवानी, जिला रायगढ़
सुरेश अग्रवाल, उम्र 42 वर्ष, निवासी कृष्णा विहार कॉलोनी, रायगढ़
फरार आरोपी:रामफल अग्रवाल, निवासी ग्राम गेरवानी, जिला रायगढ़
इस कार्रवाई में निरीक्षक रामकिंकर यादव, निरीक्षक विजय चेलक, एएसआई उमाशंकर विश्वाल, नंद कुमार सारथी सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
