12 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/राजधानी रायपुर विशेष….
रायपुर। समाज में बेटियों के सम्मान और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सहयोग एक सामाजिक संस्था द्वारा अपने 14वें सामाजिक कार्यक्रम के तहत “बेटी अभिभावक सम्मान समारोह” का आयोजन किया जा रहा है। यह गरिमामयी कार्यक्रम 24 मई, रविवार शाम 6 बजे, वृंदावन हॉल, कटोरा तालाब के पास आयोजित होगा।

संस्था द्वारा इस बार उन परिवारों को सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है, जिनके घर बेटियों ने खुशियों और संस्कारों की रोशनी बिखेरी है। विशेष रूप से ऐसे माता-पिता, जिन्हें भगवान ने पुत्र नहीं बल्कि बेटियों के रूप में “महारानियां” दी हैं, उन्हें मंच पर सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम में चयनित प्रत्येक परिवार को सफारी कंपनी का सूटकेस, स्मृति स्वरूप उपहार, फ्रेम किया हुआ सम्मान पत्र तथा शॉल पहनाकर सम्मानित किया जाएगा। संस्था का मानना है कि बेटियां केवल परिवार का गौरव नहीं, बल्कि समाज की असली शक्ति हैं।

संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंदर देवानी ने बताया कि यह आयोजन समाज में बेटियों के प्रति सम्मान और गर्व की भावना को मजबूत करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि जिन माता-पिता ने बेटियों को संस्कार, शिक्षा और आत्मविश्वास देकर आगे बढ़ाया है, वास्तव में सम्मान के असली हकदार वही हैं।

इस अवसर पर सहयोग संस्था की महिला टीम का भी गठन किया गया है। खास बात यह है कि महिलाओं को समर्पित इस पूरे कार्यक्रम की रूपरेखा महिला टीम द्वारा तैयार की गई है और मंच संचालन से लेकर आयोजन की जिम्मेदारी भी महिलाएं ही संभालेंगी।
यह आयोजन केवल सम्मान समारोह नहीं, बल्कि समाज को यह संदेश देने का प्रयास है कि “बेटियां बोझ नहीं, परिवार का सबसे बड़ा अभिमान होती हैं।”
