11 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। प्रतिभा, साहस और दृढ़ संकल्प का शानदार उदाहरण पेश करते हुए बिलासपुर की होनहार स्केटर शिविका पांडेय ने प्रथम छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय रोलर स्पोर्ट्स रैंकिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है।

रायपुर के कृष्णा पब्लिक स्कूल, सरोना स्थित स्केटिंग ग्राउंड में 9 एवं 10 मई 2026 को आयोजित इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बिरला ओपन माइंस इंटरनेशनल स्कूल, बिलासपुर की कक्षा छठवीं की छात्रा एवं रॉयल स्केटिंग क्लब बिलासपुर की खिलाड़ी शिविका पांडेय ने 10 से 12 आयु वर्ग के ट्वॉय इनलाइन स्केट इवेंट में 200 मीटर रेस में गोल्ड मेडल तथा 400 मीटर रेस में ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।

विशेष बात यह रही कि 9 मई को आयोजित 400 मीटर रेस के दौरान शिविका गंभीर रूप से चोटिल हो गई थीं, लेकिन दर्द और चोट के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और तीसरा स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक अपने नाम किया। इसके बाद भी उनका आत्मविश्वास डगमगाया नहीं और अगले ही दिन 200 मीटर रेस में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर अपने आयु वर्ग की राज्य स्तरीय चैंपियन बनीं।
शिविका की इस उपलब्धि से परिवार, स्कूल एवं खेल जगत में खुशी का माहौल है। शिविका स्वर्ण प्राशित बालिका हैं। उनकी माता डॉ. श्वेता पांडेय आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी हैं, जबकि पिता डॉ. विद्या भूषण पांडेय शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय चिकित्सालय, बिलासपुर में बालरोग विभागाध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं। वे नियमित रूप से स्वर्ण प्राशन शिविर का आयोजन भी करते हैं।
शिविका की इस सफलता को जिले के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी उपलब्धि माना जा रहा है।
