11 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/थाना सरकंडा
बिलासपुर:सरकंडा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर युवकों के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। आरोपी के कब्जे से एक धारदार स्टील का बटनदार चाकू भी बरामद किया गया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी प्रियांशु शुक्ला ने थाना सरकंडा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 3 मई 2026 की सुबह वह अपने साथियों के साथ नूतन चौक स्थित “अपना मार्ट” के पास खड़ा था। इसी दौरान आरोपी राजा यादव अपने साथियों लिल्ली नाई और बदकू यादव के साथ वहां पहुंचा और पुरानी रंजिश को लेकर विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी तथा जान से मारने की धमकी दी। घटना में युवराज पाण्डेय को गंभीर चोटें आईं।
मामले में सरकंडा पुलिस ने अपराध क्रमांक 617/2026 के तहत धारा 296, 115(2), 351(3), 3(5) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी सरकंडा के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी राजा यादव पिता विनोद यादव, उम्र 21 वर्ष, निवासी नूतन चौक अटल आवास, सरकंडा को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक स्टील का धारदार बटनदार चाकू बरामद किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है।
