11 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़/घरघोड़ा विशेष
रायगढ़। दुष्कर्म मामले में जेल भेजने का डर दिखाकर युवक और उसके परिवार से 40 हजार रुपये की अवैध वसूली मांगने वाले आरोपी को घरघोड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 10 घरघोड़ा निवासी साहिल यादव ने 9 मई 2026 को थाना घरघोड़ा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसका धरमजयगढ़ क्षेत्र की एक युवती से पिछले चार-पांच वर्षों से प्रेम संबंध था। आपसी विवाद के बाद युवती 7 मई को थाना घरघोड़ा पहुंची थी, जहां दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद समझौता हो गया और किसी प्रकार की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई।
आरोप है कि उसी दिन शाम को वार्ड क्रमांक 02 निवासी श्याम भोजवानी ने साहिल यादव और उसके परिवार को धमकाते हुए कहा कि थाना में 50 हजार रुपये देने होंगे, नहीं तो दुष्कर्म के मामले में जेल भेज दिया जाएगा। बाद में आरोपी ने 40 हजार रुपये में मामला “सेटल” कराने की बात कहकर लगातार मोबाइल कॉल के जरिए परिवार पर रकम देने का दबाव बनाया।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि किसी भी पुलिस अधिकारी या कर्मचारी ने उससे पैसे की मांग नहीं की थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए थाना घरघोड़ा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 158/2026 के तहत धारा 308(2), 308(6) और 62 बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू ने आरोपी और शिकायतकर्ता के बीच हुई बातचीत की ऑडियो क्लिप को महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में जब्त किया। पर्याप्त सबूत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी श्याम भोजवानी (56 वर्ष), निवासी साईराम कॉलोनी घरघोड़ा, को गिरफ्तार कर लिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि पुलिस या कानून का भय दिखाकर पैसे की मांग करना गंभीर अपराध है। आम नागरिक ऐसे मामलों में किसी के बहकावे में न आएं और तत्काल पुलिस को सूचना दें। कानून के नाम पर अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
