11 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। विश्व थैलेसीमिया दिवस के अवसर पर जज्बा एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसायटी द्वारा श्री गुरुनानक स्कूल सभागार में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। “थैलेसीमिया मुक्त समाज, स्वस्थ समाज” अभियान के तहत आयोजित इस शिविर में शहर के विभिन्न समाजों के लगभग 150 लोगों ने रक्तदान कर जरूरतमंद बच्चों के जीवन बचाने में अपनी भागीदारी निभाई।

संस्था के प्रमुख संजय मतलानी के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. रामकृष्ण कश्यप, डॉ. श्रीकांत गिरी तथा राउंड टेबल से कुलदीप साहू उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में अमर बजाज, कैलाश मलघानी, मनीष लाहोरानी, अमित संतवानी, मुकेश मूलचंदानी और महेश दुबे शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ सिंधी अकादमी बोर्ड के पूर्व डायरेक्टर अमर बजाज ने कहा कि “रक्तदान महादान है। आपका एक यूनिट रक्त किसी व्यक्ति को नया जीवन और उसके परिवार को खुशियां दे सकता है।”

शिविर में रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को हेलमेट, पहिया लर्निंग लाइसेंस और सुविधा कार्ड उपहार स्वरूप प्रदान किए गए। इस दौरान राउंड टेबल बिलासपुर द्वारा थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों को जीवनरक्षक दवाइयों का वितरण भी किया गया।
आयोजन को सफल बनाने में शाहेदा फाउंडेशन, ख्वाब वेलफेयर फाउंडेशन, कैलाश मार्केटिंग और छत्तीसगढ़ सोशल मीडिया सोसायटी का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ताओं और युवाओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
