11 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष…..
रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन तलाश” अभियान के तहत थाना तमनार पुलिस ने दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और मारपीट जैसे गंभीर मामलों में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी राकेश सोनी उर्फ देवा (19 वर्ष) निवासी आमाघाट तमनार के खिलाफ 18 जून 2024 को थाना तमनार में गुमशुदा बालिका की रिपोर्ट पर अपराध दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने बालिका को दस्तयाब कर उसके बयान, चिकित्सीय परीक्षण और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ धारा 363, 366, 376(2)(एन) भारतीय दंड विधान तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 के तहत कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार किया था। बाद में आरोपी जमानत पर रिहा हो गया था।
पुलिस के अनुसार, जमानत पर छूटने के बाद आरोपी ने अक्टूबर 2025 में अपने साथियों के साथ मिलकर मारपीट की घटना को अंजाम दिया। प्रार्थी नरेंद्र सिदार की रिपोर्ट पर आरोपी और उसके साथियों के खिलाफ अलग से मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद आरोपी लगातार फरार चल रहा था। वहीं पॉक्सो मामले में न्यायालय में पेशी पर उपस्थित नहीं होने के कारण उसके खिलाफ स्थायी वारंट जारी किया गया था।
“ऑपरेशन तलाश” के तहत थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव आहेर के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से आरोपी के गांव में होने की सूचना मिली, जिस पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। बाद में आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
आरोपी की गिरफ्तारी में निरीक्षक प्रशांत राव आहेर, प्रधान आरक्षक बनारसी लाल सिदार, आरक्षक पुष्पेंद्र सिदार, पुरुषोत्तम सिदार और रंजीत भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
