11 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष……
रायगढ़:थाना चक्रधरनगर पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए अपने परिजनों से बिछड़े एक मासूम बच्चे को सुरक्षित उसके परिवार से मिलाया।
जानकारी के अनुसार, 10 मई 2026 की रात करीब 8 बजे पुलिस को सूचना मिली कि कमला नेहरू गार्डन के पास 4 से 5 वर्ष का एक बच्चा अकेला और परेशान हालत में घूम रहा है। सूचना मिलते ही चक्रधरनगर थाना की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और बच्चे को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया।
पुलिस टीम ने बच्चे को शांत कर उससे पूछताछ की, जिसमें उसने अपना नाम और मिट्ठूमुडा क्षेत्र का निवासी होना बताया। इसके बाद पुलिस टीम बच्चे को साथ लेकर मिट्ठूमुडा पहुंची और उसके परिजनों की तलाश शुरू की।
खोजबीन के दौरान बच्चे का बड़ा भाई मिला, जिसकी उम्र करीब 8 वर्ष बताई गई। दोनों बच्चों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम उन्हें उनके घर तक पहुंची और बच्चे को उसकी मां के सुपुर्द किया।
अपने बच्चे को सकुशल वापस पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली और चक्रधरनगर पुलिस की तत्परता व मानवीय कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
