11 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:छत्तीसगढ़ की पावन धरती पर निर्मित बहुप्रतीक्षित हिंदी फीचर फिल्म “भक्त मां कर्मा” आगामी 15 मई को नागपुर, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, उड़ीसा सहित प्रदेश के विभिन्न सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म के प्रदर्शन को लेकर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कलाकारों, निर्माताओं एवं समाजसेवियों ने फिल्म के उद्देश्य और इसकी विशेषताओं की जानकारी दी।
प्रेस वार्ता में बताया गया कि यह फिल्म साहू समाज की आराध्या संत शिरोमणि भक्त मां कर्मा के प्रेरणादायक जीवन पर आधारित है। फिल्म में त्याग, सेवा, भक्ति, सहनशीलता, नारी शक्ति एवं भारतीय संस्कृति के मूल्यों को भावनात्मक और प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया गया है।
छत्तीसगढ़ फिल्म वेलफेयर एसोसिएशन सोसायटी के अध्यक्ष एवं फिल्म निर्माता अजय खांडेकर ने कहा कि “भक्त मां कर्मा” केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, नारी सम्मान और संस्कारों का संदेश देने वाली सामाजिक एवं आध्यात्मिक फिल्म है। उन्होंने बताया कि युवा पीढ़ी को भारतीय परंपराओं और प्रेरणादायक चरित्रों से जोड़ने के उद्देश्य से इस फिल्म का निर्माण किया गया है।
वहीं संस्था के संस्थापक एवं वरिष्ठ समाजसेवी अजय शर्मा ने कहा कि यह फिल्म समाज में सकारात्मक ऊर्जा, महिला सम्मान और संस्कारों की भावना को और मजबूत करेगी।
उन्होंने प्रदेशवासियों से परिवार सहित फिल्म देखने की अपील की।
