11 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/थाना तारबहार
बिलासपुर। उर्स के मौके पर निकले संदल जुलूस के दौरान चाकू लहराकर आम लोगों में भय का माहौल बनाने वाले दो युवकों पर बिलासपुर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। दोनों आरोपियों को अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार कर उनके कब्जे से धारदार हथियार बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पहला मामला तारबहार क्षेत्र का है, जहां घोड़ादाना स्कूल से निकली संदल टोली के दौरान पुलिस लाइन के पास मामूली विवाद में आरोपी हर्ष खांण्डे हाथ में बड़ा चाकू लहराकर लोगों को डराने लगा। पुलिस पहुंचने पर वह मौके से फरार हो गया था, लेकिन आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से उसकी पहचान कर गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के पास से लोहे का धारदार बड़ा चाकू बरामद किया गया।
वहीं दूसरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मगरपारा चौक का है। तालापारा से निकली दूसरी संदल टोली के दौरान आरोपी अब्दुल अजीम खान हाथ में चापड़नुमा धारदार हथियार लहराते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर हथियार जब्त किया।
जब्त हथियार:एक लोहे का धारदार बड़ा चाकू
एक लोहे का धारदार चापड़नुमा हथियार
बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों और धार्मिक आयोजनों में शांति व्यवस्था बिगाड़ने या आम नागरिकों को डराने-धमकाने वालों के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। शहर में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पेट्रोलिंग और निगरानी बढ़ा दी गई है।
