11 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। हजरत मदार शाह बाबा रहमतुल्ला अलैह का चार दिवसीय पवित्र उर्स अकीदत, सूफियाना रंग और रूहानी माहौल के बीच शानदार तरीके से सम्पन्न हो गया। अंतिम दिन कुल की फातिहा के साथ दरगाह शरीफ में हजारों जायरीन ने पहुंचकर चादर पेश की और देश-दुनिया में अमन, चैन, खुशहाली एवं भाईचारे की दुआ मांगी।

उर्स के दौरान दरगाह परिसर पूरी तरह इबादत और सूफियाना रंग में रंगा नजर आया। देर रात तक चली कव्वाली की महफिलों में मशहूर कव्वालों ने ऐसी शानदार प्रस्तुतियां दीं कि अकीदतमंद झूम उठे। वहीं संदल और धमाल कार्यक्रम में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। “या मदार शाह बाबा” के नारों से पूरा माहौल गूंजता रहा।

समापन अवसर पर बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी तथा कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त वक्फ बोर्ड अध्यक्ष डॉ. हाजी सलीम राज ने दरगाह पहुंचकर चादर पेश की और प्रदेश में सुख-शांति, तरक्की तथा आपसी सौहार्द की दुआ की।

इस दौरान भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा ग्रामीण अध्यक्ष मुशर्रफ़ खान सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं समाजजन मौजूद रहे।

दरगाह कमेटी ने उर्स के सफल आयोजन पर सभी जायरीन, अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हजरत मदार शाह बाबा रहमतुल्ला अलैह की तालीम इंसानियत, मोहब्बत, भाईचारे और कौमी एकता का संदेश देती है, जो आज के दौर में समाज को जोड़ने की सबसे बड़ी ताकत है।
