10 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/सकरी
बिलासपुर:सकरी थाना क्षेत्र के अमेरी इलाके में रविवार तड़के एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अवनीश यादव (40 वर्ष) पिता अशोक यादव निवासी अमेरी के रूप में हुई है, जो पेशे से प्लंबर था।
सूत्रों के अनुसार रविवार सुबह करीब 1:30 बजे से 2:30 बजे के बीच स्थानीय लोगों ने अवनीश यादव को उसके घर के सामने स्थित खाली प्लॉट में मृत अवस्था में पड़ा देखा।
घटना की सूचना तत्काल सकरी थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक को शराब पीने की लत थी। बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी भी उसे छोड़कर जा चुकी थी और वह पिछले तीन दिनों से लगातार अत्यधिक शराब का सेवन कर रहा था।
आशंका जताई जा रही है कि अत्यधिक शराब सेवन के कारण उसकी मौत हुई हो सकती है, हालांकि पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू से जांच कर रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
