10 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। मातृ दिवस के अवसर पर विश्व हिंदू परिषद सेवा विभाग बिलासपुर द्वारा दो समाजसेवी नागरिकों से मरणोपरांत देहदान का संकल्प पत्र भरवाया गया। इस पहल के तहत श्रीमती शारदा जमुनाप्रसाद सोनी और श्री सुनील दुबे ने अपनी देह चिकित्सा शिक्षा एवं शोध कार्यों के लिए दान करने का संकल्प लिया।

सेवा विभाग की टीम ने उनके निवास पहुंचकर विधिवत संकल्प प्रक्रिया पूर्ण कराई। इस दौरान दोनों समाजसेवियों का शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया।
श्रीमती शारदा सोनी लंबे समय से महिलाओं को निःशुल्क सिलाई प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि समाजसेवा और स्वावलंबन के कार्यों से प्रेरित होकर उन्होंने देहदान का निर्णय लिया। उन्होंने अपने परिचित सुनील दुबे को भी इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित किया।

फोटोग्राफी से जुड़े श्री सुनील दुबे ने कहा कि मृत्यु के बाद यदि देह चिकित्सा अध्ययन और मानव सेवा के काम आ सके, तो इससे बड़ा दान कोई नहीं हो सकता।

विश्व हिंदू परिषद सेवा विभाग ने दोनों के निर्णय को प्रेरणादायी बताते हुए समाज के अन्य लोगों से भी देहदान जैसे मानवीय कार्यों के लिए आगे आने की अपील की।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय प्रमुख विभूति भूषण पांडे, प्रांत सह सेवा प्रमुख मनीष मोटवानी, प्रीति दुबे, राजीव शर्मा, सोनल अग्रवाल, विवेक पंजवानी एवं नीरज जज्ञासी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
संकल्प पत्र सिम्स मेडिकल कॉलेज बिलासपुर में जमा कराया जाएगा, जहां मरणोपरांत उनकी देह चिकित्सा शिक्षा एवं शोध कार्यों में उपयोग की जाएगी।
