10 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/बिल्हा
बिलासपुर। थाना बिल्हा क्षेत्र में ढाबे के बाहर वाहन खड़ी करने के नाम पर अवैध वसूली और मारपीट करने वाले आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी सनोज कुमार यादव निवासी बिल्हा मोड़ थाना हिर्री ने 9 मई 2026 को थाना बिल्हा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि मुढीपार टोल प्लाजा के पास मिथलेश गेंदले द्वारा ढाबे के बाहर गाड़ी खड़ी करने के नाम पर अवैध रूप से पैसे की मांग की जा रही थी। पैसे नहीं देने पर आरोपी ने वाहन चालक और हेल्पर के साथ मारपीट की तथा वाहन के सामने का कांच तोड़कर नुकसान पहुंचाया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना बिल्हा पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 252/2026 के तहत धारा 296, 115(2), 351(3), 119(1), 324, 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया।
थाना प्रभारी द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देने के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा डी.आर. टंडन के मार्गदर्शन में टीम गठित कर कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपी मिथलेश गेंदले पिता विजेंद्र गेंदले उम्र 28 वर्ष निवासी मुढीपार थाना बिल्हा को 10 मई 2026 को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा जब्त किया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कार्रवाई में निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, उपनिरीक्षक जी.एल. चंद्राकर, प्रधान आरक्षक अमर चंद्रा, आरक्षक अर्जुन जांगड़े एवं संतोष मरकाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
