09 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
अपर मुख्य सचिव एवं बिलासपुर जिले के प्रभारी सचिव मनोज कुमार पिंगुआ ने शुक्रवार को कोटा विकासखंड के आदिवासी बहुल और दूरस्थ ग्राम बानाबेल, खैरझिट्टी और सेमीपाली का दौरा कर विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का जमीनी निरीक्षण किया।
इस दौरान कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह तथा जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल भी मौजूद रहे।

प्रभारी सचिव ने ग्राम बानाबेल में मनरेगा के तहत चल रहे खैरी तालाब गहरीकरण कार्य का निरीक्षण किया। लगभग 9.50 लाख रुपए की लागत वाले इस कार्य में 36 मजदूर तालाब खुदाई में लगे मिले, जबकि करीब 4 लाख रुपए का कार्य पूर्ण हो चुका है। श्री पिंगुआ ने मजदूरों से मजदूरी भुगतान, कार्य प्रगति और कार्यस्थल की सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण ग्रामीण अर्थव्यवस्था और कृषि के लिए बेहद जरूरी है तथा तालाबों का संरक्षण भविष्य के लिए महत्वपूर्ण कदम है।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से पेयजल, आजीविका और अन्य स्थानीय समस्याओं पर भी चर्चा की तथा अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने दारसागर स्थित आदि सेवा केंद्र का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
दौरे के दौरान प्रभारी सचिव ने ग्राम खैरझिट्टी और सेमीपाली के बैगा मोहल्ला पहुंचकर प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत निर्मित आवासों का निरीक्षण किया। उन्होंने हितग्राहियों से बातचीत कर आवास निर्माण की गुणवत्ता और योजना से मिले लाभ की जानकारी ली।

उन्होंने विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट का भी जायजा लिया और सीएमएचओ को स्वास्थ्य सुविधाएं एवं संसाधन बढ़ाने के निर्देश दिए। इस दौरान प्रभारी सचिव और कलेक्टर ने बैगा महिलाओं एवं बच्चों से आत्मीय संवाद कर उनकी आजीविका, स्वावलंबन और शिक्षा संबंधी गतिविधियों की जानकारी ली तथा बच्चों को नियमित पढ़ाई के लिए प्रेरित किया।
दौरे के माध्यम से शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और दूरस्थ क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
