09 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष….
रायगढ़। “ऑपरेशन तलाश” के तहत रायगढ़ पुलिस को गौवंश तस्करी के मामले में बड़ी सफलता मिली है। भूपदेवपुर थाना पुलिस ने गौवंशों को क्रूरतापूर्वक स्कॉर्पियो वाहन में भरकर ले जा रहे दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।

मामले में खुलासा हुआ है कि आरोपी वाहन में मोटरसाइकिल का फर्जी नंबर प्लेट लगाकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश कर रहे थे।
घटना 28-29 अप्रैल की दरम्यानी रात की है, जब भूपदेवपुर पुलिस रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान ग्राम कछार क्षेत्र में लाल रंग की स्कॉर्पियो से गौवंश तस्करी की सूचना मिली।

पुलिस टीम ने ग्रामीणों और डॉयल 112 की मदद से तत्काल घेराबंदी की। खुद को घिरता देख तस्कर वाहन लेकर भागने लगे, लेकिन खेत की मेड़ में वाहन फंस जाने पर आरोपी स्कॉर्पियो छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।
पुलिस ने मौके से वाहन क्रमांक OR-02 BL-2698 की तलाशी ली, जिसमें दो गौवंश बिना चारा-पानी के अमानवीय स्थिति में मिले। उनके पैर बांधकर वाहन में ठूंस दिया गया था। पुलिस ने तत्काल गौवंशों को मुक्त कर सुरक्षित बाहर निकाला। मौके से एक realme मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।
जांच में सामने आया कि वाहन में लगाया गया नंबर प्लेट फर्जी था और वह मोटरसाइकिल का नंबर निकला। पुलिस ने इंजन-चेसिस नंबर और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ग्राम कछार निवासी परशुराम राणा और यादराम राठिया तक पहुंच बनाई। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने हेमसागर सारथी के साथ मिलकर ओडिशा के संपर्कों के जरिए गौवंश को बूचड़खाने पहुंचाने की साजिश कबूल की।
पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर नकदी रकम जब्त की है तथा पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पूरी कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, एसडीओपी प्रभात पटेल के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी संजय नाग, पुलिस स्टाफ और डॉयल 112 टीम की सक्रिय भूमिका में संपन्न हुई।
