09 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/तखतपुर
बिलासपुर:तखतपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम विजयपुर में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू शामिल हुए। कार्यक्रम में उन्होंने आमजन से प्राप्त लगभग 100 मांग एवं समस्याओं से संबंधित आवेदनों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को चेक एवं कार्ड भी वितरित किए गए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सुशासन, सेवा और गरीब कल्याण की नई कार्यसंस्कृति स्थापित हुई है। केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार संवेदनशील और जवाबदेह प्रशासन के माध्यम से गांव, गरीब, किसान, महिला और युवाओं के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सुशासन तिहार के माध्यम से आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के साथ समाधान किया जा रहा है, जिससे शासन और जनता के बीच विश्वास और संवाद मजबूत हो रहा है।
कार्यक्रम में तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, कलेक्टर संजय अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
