09 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष…..
रायगढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन आघात” के तहत नशे के कारोबारियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए रायगढ़ रेलवे स्टेशन के बाहर करीब 18 किलो गांजा के साथ ओडिशा के तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 17.726 किलोग्राम गांजा, दो मोबाइल फोन सहित कुल 1 लाख 79 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। गिरफ्तार आरोपी गांजा को ओडिशा से मध्यप्रदेश के खुरई ले जाकर बेचने की फिराक में थे।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत थाना कोतवाली, साइबर थाना और रेलवे पुलिस की संयुक्त टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन के सामने पार्किंग क्षेत्र में शिव मंदिर के पास तीन संदिग्ध व्यक्ति बैग लेकर बैठे हैं और उनके पास मादक पदार्थ हो सकता है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो पुरुष और एक महिला को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान सिद्धांत गोन्डा, कश्यप साहनी और चंद्रिका साहनी निवासी जिला कंधमाल, ओडिशा के रूप में बताई।
पुलिस द्वारा बैगों की तलाशी लेने पर अलग-अलग बैगों से कुल 17.726 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 1 लाख 76 हजार रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे गांजा ओडिशा के कंधमाल जिले से खरीदकर मध्यप्रदेश के खुरई में सप्लाई करने जा रहे थे। रायगढ़ पहुंचने के बाद आगे जाने के लिए वाहन की तलाश कर रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। आरोपियों के पास गांजा परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला।
थाना कोतवाली रायगढ़ में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल, साइबर थाना प्रभारी विजय चेलक, रेलवे सुरक्षा बल रायगढ़ के निरीक्षक कुलदीप कुमार सहित कोतवाली, साइबर और रेलवे पुलिस की संयुक्त टीम की अहम भूमिका रही।
