08 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/राजधानी रायपुर
रायपुर बिग ब्रेकिंग….
बिलासपुर/रायपुर। राजधानी रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब कुछ नशे में धुत युवकों ने अधिवक्ता रमीज़ खान पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने चाकू से अधिवक्ता पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही लहूलुहान हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों ने बेहद बेरहमी से अधिवक्ता की छाती, पसली और पैर को निशाना बनाते हुए लगातार चाकू घोंपे। अचानक हुए इस खूनी हमले से इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायल अधिवक्ता को उपचार के लिए मेकाहारा अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है तथा आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हमले के पीछे पुराना विवाद या नशे की हालत में हुई कहासुनी वजह हो सकती है, हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
शहर के बीचोंबीच हुई इस वारदात के बाद अधिवक्ताओं और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। घटना ने राजधानी की कानून-व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
