08 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:आम जनता को त्वरित न्याय उपलब्ध कराने और शिकायतों के शीघ्र समाधान के उद्देश्य से बिलासपुर पुलिस द्वारा शुक्रवार को बिलासगुड़ी स्थित चेतना भवन में वृहद शिकायत निवारण शिविर का आयोजन किया गया। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे।

शिविर में कुल 60 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका आवेदकों एवं अनावेदकों को सुनकर मौके पर ही त्वरित निराकरण किया गया। प्राप्त शिकायतों में मुख्य रूप से जमीन विवाद, पारिवारिक कलह, साइबर फ्रॉड तथा लेन-देन से जुड़ी धोखाधड़ी के मामले शामिल रहे।

एसएसपी रजनेश सिंह ने प्रत्येक फरियादी से स्वयं चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित थाना प्रभारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर शिकायत निवारण शिविर आयोजित करने का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान कर उन्हें त्वरित न्याय उपलब्ध कराना है, ताकि लोगों को बार-बार थानों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि “जनता की सेवा ही हमारा पहला धर्म है” तथा भविष्य में भी ऐसे शिविर लगातार आयोजित किए जाएंगे।
पुलिस की इस पहल की फरियादियों ने सराहना की और इसे आमजन के हित में सकारात्मक कदम बताया।
शिविर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (आईयूसीएडब्ल्यू) रश्मित कौर चावला, सीएसपी कोतवाली, सीएसपी सिविल लाइन, डीएसपी आजाक सहित सभी एसडीओपी एवं थाना प्रभारी मौजूद रहे।
