09 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/राजधानी रायपुर
राजधानी रायपुर विशेष रिपोर्ट…..
राजधानी रायपुर:मुंबई में युवक की हत्या कर शव के टुकड़े करने के सनसनीखेज मामले में फरार आरोपी को जीआरपी रायपुर ने देर रात गिरफ्तार कर लिया। आरोपी हावड़ा एक्सप्रेस से भागने की फिराक में था, जिसे रायपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर घेराबंदी कर दबोचा गया।
जानकारी के अनुसार, मुंबई के शिवाजी नगर थाना क्षेत्र में युवक की हत्या और अपहरण का मामला दर्ज किया गया था। आरोपी की पहचान आवेश मुस्तफा कर्णी के रूप में हुई है। उस पर आरोप है कि उसने युवक की हत्या करने के बाद शव के टुकड़े कर सबूत मिटाने की कोशिश की और फरार हो गया।

मुंबई पुलिस से मिली सूचना के आधार पर जीआरपी रायपुर ने रेलवे स्टेशन में सघन चेकिंग अभियान चलाया। देर रात हावड़ा एक्सप्रेस के रायपुर पहुंचने पर प्लेटफॉर्म नंबर 6 में सुरक्षा घेरा बनाकर संदिग्धों की जांच की गई। इसी दौरान आरोपी की पहचान कर उसे हिरासत में ले लिया गया।
पूछताछ और दस्तावेजी कार्रवाई के बाद जीआरपी रायपुर ने आरोपी को मुंबई पुलिस के हवाले कर दिया। इस कार्रवाई को रेलवे पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
घटना के बाद मुंबई और रायपुर पुलिस के बीच समन्वय और त्वरित कार्रवाई की सराहना की जा रही है। मामले की आगे की जांच मुंबई पुलिस द्वारा की जा रही है।
