08 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/बोदरी
बिलासपुर: बोदरी नगरपालिका में शुक्रवार को सुशासन तिहार के अंतर्गत समाधान शिविर का आयोजन किया गया, जहां आमजन की समस्याओं और मांगों के निराकरण के लिए विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। शिविर में नागरिकों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याएं और मांगें दर्ज कराईं।
शिविर में कुल 362 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 355 आवेदन मांगों से संबंधित और 7 आवेदन शिकायतों से जुड़े थे। शिकायतों में से 6 मामलों का मौके पर ही निराकरण कर लोगों को त्वरित राहत प्रदान की गई। मांग संबंधी आवेदनों में भूमि पट्टा और महतारी वंदन योजना का लाभ दिलाने से जुड़े आवेदन प्रमुख रहे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक श्री धरमलाल कौशिक एवं क्रेडा अध्यक्ष श्री भूपेंद्र सवन्नी उपस्थित रहे। उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभ वितरित किया। मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना के तहत दो हितग्राहियों को 20-20 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी गई। इसके अलावा तीन हितग्राहियों का श्रमिक पंजीयन किया गया तथा चार लोगों को राशन कार्ड वितरित किए गए।
विधायक श्री कौशिक ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाएं तेजी से लोगों तक पहुंच रही हैं, जिससे समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों से आम नागरिकों के फोन कॉल का तत्परता से जवाब देने की अपील करते हुए संवेदनशील प्रशासन पर जोर दिया।
सुशासन तिहार के अवसर पर विधायक ने उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई और स्वच्छ एवं स्वस्थ नगर निर्माण में जनभागीदारी का संदेश दिया।
कार्यक्रम में एसडीएम बिल्हा सुश्री आकांक्षा त्रिपाठी, तहसीलदार श्री संदीप साय, सीएमओ श्री मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। साथ ही श्री दिनेश पांडेय, श्री कुशल पांडेय, श्रीमती दीपिका वर्मा, श्री सुनील वर्मा, पार्षद श्री विजय वर्मा, श्री फिरतूराम, श्री रोहित साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।
