08 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:राष्ट्रीय जनगणना 2026 के प्रथम चरण के तहत चल रहे मकान सूचीकरण कार्य में बिलासपुर जिले ने पूरे छत्तीसगढ़ में पहला स्थान हासिल किया है। जिले के सभी 26 जनगणना चार्ज में 100 प्रतिशत हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (एचएलबी) में कार्य शुरू हो चुका है, जबकि करीब 18 प्रतिशत क्षेत्रों में सूचीकरण कार्य पूर्ण भी कर लिया गया है।
मंथन सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगणकों और सुपरवाइजरों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कम समय में अधिकाधिक मकानों तक पहुंचकर तेजी और गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने वाले कर्मचारियों की सराहना की।
नगर पंचायत मल्हार के मुख्य नगर पालिका अधिकारी अनुभव सिंह को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उनके नेतृत्व में मल्हार क्षेत्र का 100 प्रतिशत मकान सूचीकरण मात्र पांच दिनों में पूरा कर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया गया। वहीं बिलासपुर तहसीलदार प्रकाश चंद्र साहू को भी उत्कृष्ट नेतृत्व के लिए सम्मानित किया गया। उनके मार्गदर्शन में तहसील स्तर पर लगभग 70 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर अग्रणी उपलब्धि हासिल की गई।
सम्मानित प्रगणकों में नवीन लाल देवांगन, कुलेश्वर साहू, संदीप ठाकुर, तरुण जायसवाल, संजय कुमार राय, ओंकार प्रसाद सेन, जितेंद्र कुमार दीक्षित, आशा डेहरिया, आशीष पांडे, अजय दास दाहिरे, गोपीचंद राज, दीपिका श्रीवास्तव और आशुतोष पांडे सहित कई प्रगणक शामिल रहे। नगर निगम बिलासपुर के विभिन्न जोनों से भी पांच दिनों के भीतर सूचीकरण कार्य पूर्ण करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, अपर कलेक्टर शिव कुमार बनर्जी, सहायक जिला जनगणना अधिकारी झील जायसवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने जनगणना कार्य को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के लिए मैदानी अमले के प्रयासों की प्रशंसा की।
