08 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। शहर की प्रतिष्ठित रंगसंस्था अग्रज नाट्य दल द्वारा इस वर्ष भी रंगमंच और अभिनय कला को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अभिनय एवं बाल नाट्य कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। संस्था की ओर से बच्चों और विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागियों के लिए अलग-अलग प्रशिक्षण सत्र तैयार किए गए हैं, ताकि नई प्रतिभाओं को मंच और उचित मार्गदर्शन मिल सके।
संस्था द्वारा 16 वर्ष एवं उससे अधिक आयु वर्ग के प्रतिभागियों के लिए 45 दिवसीय “अभिनय एवं नाट्य कार्यशाला” का शुभारंभ 10 मई 2026 से किया जाएगा।
कार्यशाला में अभिनय, संवाद अदायगी, मंच संचालन, शारीरिक अभिव्यक्ति, आवाज़ के उतार-चढ़ाव, भावाभिनय तथा रंगमंचीय अनुशासन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस सत्र का संचालन वरिष्ठ रंगकर्मी सुनील चिपड़े करेंगे।

वहीं 8 से 15 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए विशेष “बाल नाट्य कार्यशाला” का आयोजन 15 मई 2026 से किया जाएगा। इस कार्यशाला में बच्चों को खेल-खेल में अभिनय, कहानी प्रस्तुति, मंच व्यवहार और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से थिएटर की प्रारंभिक समझ विकसित कराई जाएगी। इसका प्रशिक्षण रंगकर्मी गरिमा भांगे द्वारा दिया जाएगा।
दोनों कार्यशालाओं का आयोजन शासकीय स्कूल (सेजेस), तिलक नगर, देवकीनंदन चौक के पास, बिलासपुर में होगा। संस्था का उद्देश्य नई पीढ़ी को रंगमंच से जोड़ना, उनकी रचनात्मक क्षमता को विकसित करना तथा सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करना है।
तीन दशक से सक्रिय है अग्रज नाट्य दल:अग्रज नाट्य दल की स्थापना वर्ष 1993 में हुई थी तथा 1996 में संस्था का विधिवत पंजीयन किया गया। पिछले तीन दशकों से संस्था रंगमंच, नाट्य प्रशिक्षण और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से समाज में सृजनात्मक चेतना को बढ़ावा देने का कार्य कर रही है।
संस्था अब तक लगभग 25 पूर्णकालिक नाटकों के 500 से अधिक मंचन कर चुकी है। इसके अलावा सामाजिक सरोकारों से जुड़े 50 से अधिक नुक्कड़ नाटकों के लगभग 2000 प्रदर्शन विभिन्न जिलों में किए गए हैं। संस्था ने शिमला, उड़ीसा, पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र सहित कई राज्यों में आयोजित राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय नाट्य समारोहों में भाग लेकर सम्मान भी प्राप्त किए हैं।
योगेश स्मृति नाट्य महोत्सव 26 जून से:कार्यशाला के समापन अवसर पर प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी “योगेश स्मृति नाट्य महोत्सव 2026” का आयोजन 26, 27, 28 एवं 29 जून 2026 को सिम्स ऑडिटोरियम, बिलासपुर में किया जाएगा। चार दिवसीय इस महोत्सव में कार्यशालाओं के दौरान तैयार नाटकों की प्रस्तुति दी जाएगी।
महोत्सव का मुख्य आकर्षण सुप्रसिद्ध अभिनेता एवं रंगकर्मी रघुवीर यादव होंगे। वे अपने दल के साथ विशेष नाट्य प्रस्तुति देंगे। भारतीय रंगमंच, सिनेमा और टेलीविजन में अपनी विशिष्ट अभिनय शैली के लिए पहचान रखने वाले रघुवीर यादव की प्रस्तुति रंगप्रेमियों और युवा कलाकारों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।
योगेश स्मृति शिक्षक सम्मान भी दिया जाएगा:महोत्सव के दौरान “योगेश स्मृति शिक्षक सम्मान” भी प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान ऐसे शिक्षक को दिया जाएगा जो शिक्षा के क्षेत्र में रचनात्मक, प्रेरणादायी और नवाचारपूर्ण कार्य कर रहे हों तथा थिएटर या अन्य कलात्मक माध्यमों से विद्यार्थियों और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास कर रहे हों।
संस्था का मानना है कि रंगमंच केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में संवेदनशीलता, जागरूकता और रचनात्मक सोच विकसित करने का प्रभावी माध्यम भी है।
