08 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर शहर में सामाजिक सरोकार और मानवीय संवेदनाओं का प्रेरणादायी उदाहरण देखने को मिला, जहां स्वर्णिम प्रभात सेवा संस्थान द्वारा 4 जोड़ों का सामूहिक विवाह समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न कराया गया। विवाह कार्यक्रम पूरे विधि-विधान, वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सम्पन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने शामिल होकर नवदंपत्तियों को आशीर्वाद दिया।

संस्थान के पदाधिकारियों ने बताया कि सामूहिक विवाह आयोजन का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों को सहयोग प्रदान करना तथा समाज में सामूहिक विवाह जैसी सकारात्मक और सामाजिक रूप से उपयोगी पहल को बढ़ावा देना है।

समारोह में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, समाजसेवी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे। सभी ने नवविवाहित जोड़ों के सुखद वैवाहिक जीवन की कामना करते हुए उन्हें शुभाशीष प्रदान किया।

आयोजन के दौरान संस्था की ओर से लगभग 400 लोगों के लिए भोजन एवं प्रसाद की व्यवस्था की गई थी। उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से प्रसाद ग्रहण कर आयोजन की सराहना की।
कार्यक्रम के समापन पर संस्था पदाधिकारियों ने सभी सहयोगियों, दानदाताओं एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं जनहितकारी कार्य लगातार जारी रखने का संकल्प दोहराया।
