08 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष…..
रायगढ़ पुलिस और जिला प्रशासन की त्वरित पहल से सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत कैशलेस उपचार सुविधा उपलब्ध कराई गई। यह रायगढ़ जिले का पहला मामला है, जिसमें दुर्घटना पीड़ित को इस योजना के अंतर्गत डेढ़ लाख रुपये तक के निशुल्क इलाज का लाभ मिला।
मामला खरसिया थाना क्षेत्र का है, जहां 6 मई 2026 को सोनबरसा मेन रोड पर मोटरसाइकिल और कार के बीच भीषण टक्कर हो गई थी। हादसे में मोटरसाइकिल सवार गुलशन राठिया, संजू राठिया और लव कुमार श्रीवास गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खरसिया पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को रायगढ़ रेफर किया गया।
गंभीर रूप से घायल 19 वर्षीय लव कुमार श्रीवास को परिजनों ने रायगढ़ स्थित श्री बालाजी मेट्रो हॉस्पिटल में भर्ती कराया। इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस और eDAR टीम सक्रिय हुई और घायल को प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत कैशलेस इलाज दिलाने की प्रक्रिया शुरू की गई।
eDAR जिला प्रभारी दुर्गा प्रसाद प्रधान ने तत्काल डिप्टी कलेक्टर प्रियंका वर्मा और डीएसपी ट्रैफिक उत्तम प्रताप सिंह को मामले से अवगत कराया। अस्पताल से ही TMS पोर्टल पर दुर्घटना और घायल की जानकारी अपलोड की गई। इसके बाद थाना खरसिया से प्रधान आरक्षक महेंद्र खरे को घटनास्थल भेजकर एक्सीडेंट आईडी जनरेट कराई गई तथा वाहनों और घायलों का पूरा विवरण अपडेट किया गया।
थाना और ट्रैफिक शाखा से स्वीकृति मिलने के बाद कलेक्टर रायगढ़ द्वारा अनुमोदन जारी किया गया, जिसके बाद घायल युवक का कैशलेस उपचार शुरू हो सका।
प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को डेढ़ लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जाता है। आवश्यकता पड़ने पर अन्य स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ भी दिया जा सकता है।
घटना के संबंध में थाना खरसिया में मालती राठिया निवासी बसनाझर की रिपोर्ट पर कार चालक के खिलाफ अपराध क्रमांक 219/2026 धारा 125(ए) और 281 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
