08 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष…..
रायगढ़। जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग थाना क्षेत्रों में ताबड़तोड़ रेड कर एक ही दिन में 100 लीटर से अधिक अवैध शराब जप्त की है। कार्रवाई के दौरान महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत रिमांड पर भेजा गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में 07 मई 2026 को थाना कोतरारोड़, चौकी जोबी और थाना कोतवाली पुलिस ने मुखबिर सूचना पर संयुक्त कार्रवाई करते हुए हाथ भट्ठी से बनी महुआ शराब, शराब निर्माण सामग्री और अन्य सामान बरामद किए।

थाना कोतरारोड़ क्षेत्र के ग्राम नंदेली में पुलिस ने सकुन्तला सारथी के घर दबिश देकर 70 लीटर हाथ भट्ठी से बनी महुआ शराब जप्त की। प्रशिक्षु डीएसपी अजय नागवंशी और निरीक्षक शील आदित्य सिंह के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में पुलिस को देखकर शराब खरीदने पहुंचे लोग मौके से फरार हो गए। जप्त शराब की कीमत करीब 14 हजार रुपये बताई गई है।
वहीं चौकी जोबी क्षेत्र के ग्राम बर्रा में आरोपी रतन सिंह राठिया को डोमनारा नाला क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण करते हुए पकड़ा गया। चौकी प्रभारी लक्ष्मी नारायण राठौर के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में आरोपी के कब्जे से 10 लीटर कच्ची महुआ शराब, डिस्पोजल गिलास और शराब बनाने में उपयोग किए जा रहे बर्तन जप्त किए गए।

इसी क्रम में थाना कोतवाली पुलिस ने रामभांठा क्षेत्र में नीरज टोप्पो उर्फ धोंदो को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 6 लीटर हाथ भट्ठी से बनी महुआ शराब बरामद की। आरोपी शराब बिक्री के उद्देश्य से थैले में शराब लेकर जा रहा था।
इसके अलावा “ऑपरेशन आघात” के तहत जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी कार्रवाई जारी रही। थाना जूटमिल पुलिस ने पुराना सारंगढ़ बस स्टैंड के पास आरोपी पीताम्बर लहरे से 15 पाव देशी प्लेन शराब जप्त की। थाना कोतरारोड़ पुलिस ने ग्राम कलमी और नंदेली में अलग-अलग आरोपियों से महुआ शराब बरामद की, जबकि थाना पूंजीपथरा पुलिस ने ग्राम सुहाई में तीन आरोपियों के कब्जे से महुआ शराब जप्त कर कार्रवाई की।
