08 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष….
रायगढ़:आईपीएल मैचों की आड़ में चल रहे ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा कारोबार पर रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग ठिकानों पर ताबड़तोड़ रेड कर 5 सट्टा खाईवालों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत थाना साइबर और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 2 लाख 70 हजार रुपये नकद, 6 मोबाइल फोन, एक इलेक्ट्रॉनिक नोट गिनने की मशीन और डिजिटल साक्ष्य सहित लगभग 4 लाख 70 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत अलग-अलग अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

कोतरारोड बायपास स्थित ऑफिस में चल रहा था ऑनलाइन सट्टा:पहली कार्रवाई में पुलिस ने कोतरारोड बायपास स्थित आर.एस. ट्रेडिंग कंपनी के ऑफिस में दबिश देकर साकेत सिंघानिया को ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करते रंगे हाथ पकड़ा। आरोपी मोबाइल फोन के जरिए आईपीएल मैचों पर हार-जीत का दांव लगवा रहा था।
जांच में उसके मोबाइल से ऑनलाइन बेटिंग आईडी, व्हाट्सएप चैट, यूपीआई लेनदेन और अन्य डिजिटल साक्ष्य मिले। पुलिस ने आरोपी के पास से विवो मोबाइल और आईफोन-13 प्रो जब्त किया।

राशन दुकान से संचालित हो रहा था सट्टा नेटवर्क:दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने पुराने पंजाब नेशनल बैंक के पास स्थित एक राशन दुकान में दबिश देकर रितेश डालमिया को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने पिंटू हलवाई, रौनक मोदनवाल और प्रियंका हलवाई के साथ मिलकर ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क संचालित करना स्वीकार किया।
इसके बाद पुलिस ने चांदमारी क्षेत्र में दबिश देकर रौनक मोदनवाल और उसकी पत्नी प्रियंका हलवाई को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से आईफोन, विवो और सैमसंग मोबाइल, 2 लाख 69 हजार रुपये नकद तथा नोट गिनने की इलेक्ट्रॉनिक मशीन बरामद की गई।
किराए के मकान से चल रहा था सट्टा कारोबार:तीसरी कार्रवाई में पुलिस ने संजय मैदान रामभांठा क्षेत्र स्थित एक किराए के मकान में दबिश देकर प्रदीप कुमार पाण्डेय को गिरफ्तार किया। जांच में उसके मोबाइल फोन से क्रिकेट गुरु एप, फोन-पे ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड और सट्टे की रकम के डिजिटल लेनदेन के स्क्रीनशॉट मिले। आरोपी ने पूछताछ में पिंटू हलवाई, रौनक हलवाई और प्रियंका हलवाई के साथ मिलकर आईपीएल मैचों पर सट्टा खिलाने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपी के मोबाइल से लगभग 89 हजार 950 रुपये के डिजिटल लेनदेन के साक्ष्य भी जब्त किए हैं। मामले में आरोपी पिंटू हलवाई फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
प्रदीप कुमार पाण्डेय (52 वर्ष), संजय मैदान रामभांठा, रायगढ़
रितेश डालमिया (28 वर्ष), बीड़पारा, रायगढ़
प्रियंका हलवाई (37 वर्ष), चांदमारी, रायगढ़
रौनक मोदनवाल (19 वर्ष), चांदमारी, रायगढ़
साकेत सिंघानिया (37 वर्ष), गजानंदपुरम कोतरारोड, रायगढ़
जब्त सामग्री
2 लाख 70 हजार रुपये नकद
एक इलेक्ट्रॉनिक नोट गिनने की मशीन
2 आईफोन
1 वन प्लस मोबाइल
2 विवो मोबाइल
1 सैमसंग मोबाइल
