07 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/मस्तूरी/मल्हार
बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र अंतर्गत मल्हार चौकी इलाके में नारियल खरीदने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी हमले में बदल गया। आरोपी ने पिता-पुत्र पर धारदार कैची से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, आरोपी ज्ञान उर्फ लक्की श्रीवास का रूपेश केवट और उसके पिता मनहरण केवट से नारियल खरीदने को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के कुछ देर बाद आरोपी दोबारा मौके पर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए दोनों पर हमला कर दिया।

हमले में रूपेश केवट गंभीर रूप से घायल होकर मेडिकल स्टोर के सामने बेहोश अवस्था में मिला, जबकि मनहरण केवट की पीठ से लगातार खून बहता रहा। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल मस्तूरी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने दोनों को बिलासपुर सिम्स रेफर कर दिया। चिकित्सकों के मुताबिक दोनों की स्थिति फिलहाल चिंताजनक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही मस्तूरी थाना और मल्हार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी ज्ञान उर्फ लक्की श्रीवास के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद मामले में अन्य गंभीर धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं।
