रायगढ़ में शादी का झांसा देकर 22 वर्षीय युवती का लगातार शारीरिक शोषण करने और उससे करीब 93 हजार रुपये लेने का मामला सामने आया है। आरोप है कि शादी और रकम वापस मांगने पर युवक ने इनकार करते हुए युवती को जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की।

पीड़िता के अनुसार, अक्टूबर 2026 में पेट्रोल पंप पर उसकी मुलाकात मेहराब खान से हुई थी। मोबाइल नंबर का आदान-प्रदान होने के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। आरोप है कि युवक ने शादी का भरोसा दिलाकर 8 अक्टूबर को युवती के किराये के मकान में उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए और इसके बाद भी लगातार उसका शोषण करता रहा। इसी दौरान अपनी आर्थिक जरूरत बताकर उससे करीब 93 हजार रुपये ले लिए। रकम वापस मांगने पर आरोपी ने शादी से इनकार कर जान से मारने की धमकी दी।

शिकायत पर महिला थाना रायगढ़ में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच में पता चला कि आरोपी मारपीट के एक अन्य मामले में जेल में बंद है। 17 नवंबर को जमानत पर जेल से बाहर निकलते ही महिला थाना और जूटमिल पुलिस की संयुक्त टीम ने जेलपारा में घेराबंदी कर मेहराब खान उर्फ मेहराब हसन उर्फ मेहराब अंसारी (22 वर्ष), निवासी जूटमिल, रायगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को 18 नवंबर को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन और डीएसपी उन्नति ठाकुर के पर्यवेक्षण में की गई।
