बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अलग-अलग घटनाओं में चार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है। कलमीटार रोड स्थित शराब भट्ठी के पास धारदार चाकू लेकर राहगीरों को डराने-धमकाने वाले धनजीर शिकारी (23 वर्ष), निवासी जेजराडीह को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से धारदार चाकू जब्त कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई और उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
वहीं, ग्राम भरारी में घर के सामने फटाखे फोड़ने से मना करने पर विवाद और मारपीट का मामला सामने आया। प्रार्थिया सरिता ताम्रकार की शिकायत के अनुसार, आदित्य सूर्यवंशी (24), प्रताप सूर्यवंशी (24) और अविनाश सूर्यवंशी (18) ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और मारपीट की। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया।
दोनों मामलों में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक विकास सेंगर, कौशल राम खुटे तथा आरक्षक आकाश डोंगरे, देवानंद चंद्राकर और पवन ठाकुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
