बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम कनेरी में खेत की घेराबंदी में प्रवाहित बिजली करंट की चपेट में आने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना 16-17 नवंबर की दरम्यानी रात की है। जानकारी के अनुसार, खेत मालिक टेकराम सोनी ने अपने सब्जी के खेत में जीआई तार से घेराबंदी कर रखी थी, जिसमें झटका मशीन के माध्यम से अवैध रूप से बिजली कनेक्शन जोड़कर करंट प्रवाहित किया जा रहा था। आरोप है कि खेत मालिक के पुत्र ने बिजली करंट चालू करके छोड़ दिया था। इसी दौरान महिला ने घेराबंदी के तार को छू लिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
मामले में पुलिस ने जांच के दौरान खेत मालिक टेकराम सोनी (46 वर्ष), निवासी ग्राम कनेरी को गिरफ्तार किया है। वहीं, उसके पुत्र को भी विधि से संघर्षरत बालक के रूप में अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बालक के साथ घटना कारित करना स्वीकार किया। दोनों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 105, 3(5) एवं विद्युत अधिनियम की धारा 135 के तहत कार्रवाई की गई। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
