बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के अशोक नगर स्थित अटल आवास में ठंड से बचने के लिए लकड़ी जलाने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। 17 नवंबर की रात करीब 10 से 10:30 बजे डी-ब्लॉक की छत पर लकड़ी तोड़ने की आवाज को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ। देखते ही देखते दोनों पक्ष नीचे आ गए और गाली-गलौज के बाद मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान मयंक ध्रुव के सीने, पेट और पीठ पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार किए गए। गंभीर हालत में उसे सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना में दोनों पक्षों की शिकायत पर सरकंडा पुलिस ने अलग-अलग अपराध दर्ज कर जांच शुरू की है। हत्या के मामले में आर्यन उर्फ बिट्टू मानिकपुरी, गोपाल सोनी, विकास उर्फ भोलू उर्फ तलवार और सुदामा साहू पर एकराय होकर मारपीट करने तथा धारदार हथियार से हमला करने का आरोप है। वहीं दूसरे पक्ष की शिकायत में श्रवण ध्रुव और मयंक ध्रुव पर लोहे की रॉड एवं धारदार हथियार से हमला करने का आरोप लगाया गया है। इस पक्ष के विकास मानिकपुरी, आर्यन दास मानिकपुरी और सुदामा साहू को चोटें आई हैं। इनमें से दो आरोपियों का उपचार सिम्स अस्पताल में जारी है।
पुलिस ने हत्या के प्रकरण में त्वरित कार्रवाई करते हुए विकास उर्फ भोलू उर्फ तलवार (23) और गोपाल सोनी (19) को गिरफ्तार कर लिया है। शेष दो आरोपी चोटिल होने के कारण सिम्स में भर्ती हैं, स्वस्थ होने के बाद उनके विरुद्ध आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा एएसपी पंकज पटेल और सीएसपी सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नरेश कुमार चौहान की टीम ने की।
