रायगढ़। शेयर बाजार में निवेश कर कम समय में रकम दोगुनी करने और मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर ग्रामीण महिलाओं से 70 लाख 77 हजार 901 रुपये की ठगी करने के मामले में साइबर थाना पुलिस ने एक और महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार मीरा सोनवानी (57 वर्ष) मुख्य आरोपी मेनका सारथी की मां है। आरोप है कि वह अपनी बेटी के साथ मिलकर गांव की महिलाओं को निवेश के लिए प्रेरित करती थी और उनसे रकम जुटाने में सहयोग करती थी। इसके बदले मेनका उसे 5 से 10 हजार रुपये दिया करती थी। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम जतरी की महिलाओं ने शिकायत की थी कि मेनका सारथी और उसके पति अक्षय सारथी शेयर बाजार में निवेश के नाम पर कम समय में रकम दोगुनी करने का भरोसा दिलाते थे। शुरुआत में कुछ महिलाओं को मुनाफे की रकम लौटाकर विश्वास जीता गया, लेकिन बाद में न मूल रकम वापस की गई और न ही मुनाफा दिया गया। शिकायत के मुताबिक 6 अप्रैल से 24 अक्टूबर 2025 के बीच अकेले हारा बाई निषाद से 17 लाख 53 हजार रुपये सहित गांव की कई महिलाओं से कुल 70.77 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई। जांच में मीरा सोनवानी के तीन बैंक खातों में भी लाखों रुपये का लेनदेन सामने आया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में हुई जांच के दौरान पुलिस मुख्य आरोपी मेनका सारथी, उसके पति अक्षय सारथी और मिनकेतन सिदार को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। फरार मीरा सोनवानी की तलाश में जुटी साइबर थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम जतरी में दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके बैंक खाते से संबंधित जानकारी भी जब्त की है। मामले में अन्य फरार आरोपी की तलाश और विवेचना जारी है। एसएसपी ने लोगों से कम समय में रकम दोगुनी करने और निश्चित मुनाफे का लालच देने वाली निवेश योजनाओं से सतर्क रहने तथा ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करने की अपील की है।
