बिलासपुर। जिले के सीपत थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंधी स्थित एक बोरी फैक्ट्री में हुए दर्दनाक हादसे में मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद फैक्ट्री प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था और श्रम सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार ग्राम जांजी निवासी 45 वर्षीय लक्ष्मी प्रसाद धीवर बिलासपुर माइनिंग इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड की फैक्ट्री में कार्यरत थे। सोमवार को वे प्लांट में करीब 25 फीट ऊंचाई पर चढ़कर जाला और करकट की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वे नीचे गिर पड़े।

हादसे में उनके सिर, सीने और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घटना के तुरंत बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घायल मजदूर को तत्काल बिलासपुर के निजी अस्पताल श्री राम केयर में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान सोमवार रात करीब 9 बजे उनकी मौत हो गई।

परिजनों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि हादसे के समय मजदूर को किसी प्रकार का सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराया गया था। घटना के बाद मंगलवार को परिजन प्रदर्शन की तैयारी में थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए फैक्ट्री प्रबंधन ने मृतक के परिवार को 7 लाख रुपये मुआवजा, 1 लाख रुपये अंतिम संस्कार सहायता तथा परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने का आश्वासन दिया है।
इस हादसे के बाद फैक्ट्री की सुरक्षा व्यवस्था, श्रमिकों के लिए सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता और श्रम कानूनों के पालन को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
