07 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/चकरभाठा
बिलासपुर। थाना चकरभाठा क्षेत्र अंतर्गत ट्रांसपोर्ट नगर में देर रात बुलेट सवार बदमाशों द्वारा लूट और मारपीट की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को चकरभाठा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन और नगदी बरामद की है, जबकि मामले का एक अन्य आरोपी अभी फरार है जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 29 अप्रैल 2026 की रात ट्रक चालक सोनू बाजरा ट्रांसपोर्ट नगर स्थित साहू ढाबा में खाना खाने के बाद वापस अपने ट्रक की ओर लौट रहा था। इसी दौरान बिना नंबर की बुलेट मोटरसाइकिल में सवार तीन युवकों ने उसे रोककर मारपीट की और उसका मोबाइल फोन तथा 5 हजार रुपये नगद लूटकर फरार हो गए।
इसके कुछ दिन बाद 4 मई 2026 को उसी क्षेत्र में गुलशन साहू नामक युवक के साथ भी उन्हीं बदमाशों ने लोहे की रॉड और बुलेट की चाबी से हमला कर उसे घायल कर दिया। दोनों मामलों में थाना चकरभाठा में अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से जांच की। फुटेज और हुलिए के आधार पर आरोपियों की पहचान कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। पूछताछ में आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर दोनों घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में राहुल साहू पिता रामाश्रय साहू उम्र 25 वर्ष निवासी नयापारा वार्ड नंबर 11 सिरगिट्टी तथा एक विधि से संघर्षरत बालक शामिल है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश लगातार जारी है।
